तीन तलाक़ बिल पर नीतीश का मोदी को झटका: प्रेस रिव्यू

द हिंदू अख़बार की एक रिपोर्ट के मुताबिक बिहार में भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर गठबंधन की सरकार चला रही जनता दल यूनाइटेड का कहना है कि तीन तलाक़ विधेयक को जल्दबाज़ी में लाया गया है.

जदयू ने कहा है कि अगर विधेयक को राज्यसभा में मतदान के लिए लाया जाएगा तो वो इसके ख़िलाफ़ मतदान करेगी. बीजेपी पर निशाना साधते हुए जदयू की ओर से कहा गया है कि इस तीन तलाक़ विधेयक पर ग़ैर ज़रूरी जल्दबाज़ी की गई है.

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़ और मथुरा जैसे ज़िलो में ग्रामीण आवारा गायों की समस्या से इस क़दर परेशान है कि वो अब उन्हें खदेड़ने लगे हैं और स्कूलों और थानों में बंद करने लगे हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक ट्रकों में भरकर भी गायों को बाहरी इलाक़ों में भेजा जा रहा है. उत्तर प्रदेश सरकार ने आवारा गायों की समस्या से निबटने के लिए और प्रदेश में अधिक गोशालाएं संचालित करने के लिए 0.5 फ़ीसदी अतिरिक्त कर लगाने का फ़ैसला भी किया है.

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक केरल के सबरीमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के ख़िलाफ़ काली पट्टी बांधकर विरोध जताने की तैयारी कर रहे कांग्रेसी सांसदों को पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का समर्थन नहीं मिल सका.

बुधवार को महिलाओं के मंदिर में प्रवेश की ख़बर आने के बाद केरल के कांग्रेसी सांसद काली पट्टी लेकर लोकसभा चैंबर पहुंचे थे जहां सोनिया गांधी ने उनसे सदन में काली पट्टी बांधने से मना कर दिया.

अख़बार ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि सोनिया गांधी ने एक सांसद को काली पट्टियां बांटते हुए देखकर तुरंत उन्हें रोका और कहा कि कांग्रेस पार्टी लैंगिक बराबरी का समर्थन करती है. सोनिया गांधी ने नेताओं से कहा कि वो अपनी स्थानीय राजनीति के लिए केरल में प्रदर्शन जारी रख सकते हैं लेकिन दिल्ली में प्रदर्शन न करें.

मध्य प्रदेश में नव निर्वाचित कांग्रेस सरकार ने सिपाहियों को साप्ताहिक छुट्टी देने का अपना चुनावी वादा पूरा कर दिया है. द टाइम्स ऑफ़ इंडिया अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक सरकार के पुलिस विभाग में साप्ताहिक छुट्टी लागू करने के बाद पुलिसकर्मियों को एक दिन का साप्ताहिक अवकाश मिलना शुरू हो गया है. अभी तक मध्य प्रदेश के पुलिसकर्मियों के पास साप्ताहिक छुट्टी की सुविधा नहीं थी.

अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ सिपाहियों को तो 38 साल की नौकरी में पहली बार साप्ताहिक छुट्टी मिली है. परिवार के साथ छुट्टी का आनंद लेने के लिए पुलिसकर्मी पिकनिक पर भी गए और बच्चों को स्कूल भी नहीं भेजा गया.

Comments

Popular posts from this blog

上海医疗专家张文宏为留美学生及华侨华人防范新冠病毒“支招”

Führende Scientologen gehören zu den aktivsten Immobilienplayern der Stadt

ПФР назвал дату перехода на электронные трудовые книжки